Saturday, November 20, 2010

दुनिया की प्रभावशाली महिलाओं में इंदिरा

टाइम्स ने 25 सबसे ज्यादा ताकतवर महिलाओं की सूची में किया शुमार

वाशिंगटन। सबसे लंबे समय तक महिला प्रधानमंत्री का ताज हासिल करने वालीं इंदिरा गांधी को प्रतिष्ठित टाइम्स मैगजीन ने दुनिया की ‘25 सबसे ताकतवर महिलाओं’ की सूची में शामिल किया है। उन्हें नौवें स्थान पर रखा गया है। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में जीवन समर्पित करने वालीं मदर टेरेसा को इस सूची में 22वें पायदान पर जगह मिली है।

पिछली सदी की प्रभावशाली महिलाओं को शुमार करने वाली इस लिस्ट में जेन एडम्स शीर्ष पर रहीं। महिला अधिकारों की जोरदार वकालत करने वालीं एडम्स अमेरिका की पहली महिला नोबेल पुरस्कार विजेता थीं। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन को छठे पायदान पर रखा गया। इंदिरा और मदर टेरेसा के अलावा उप महाद्वीप से कोई अन्य महिला टाइम्स की सूची में नहीं है।

टाइम्स ने इंदिरा की तारीफ में कहा, वह देश की बेटी थीं, वह अपने पिता जवाहर लाल नेहरू की देखरेख में पलीं बढ़ीं, जो ब्रिटिश शासन से आजादी के बाद भारत के पहले प्रधानमंत्री थे। गांधी 1966 में जब प्रधानमंत्री बनीं तो टाइम्स ने कवर पेज पर शीर्षक दिया, ‘ट्रबल्ड इंडिया इन ए वुमेन्स हैंड्स’। पत्रिका ने कहा, उनके मजबूत हाथों ने करीब दो दशकों तक देश को संभाला। मंदी, अकाल, पहले परमाणु बम विस्फोट, घोटालों और पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में गृहयुद्ध के हालातों का निडरता से सामना किया। 1966 के बाद लगातार तीन बार जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री पद पर बैठाया। चौथी बार उन्होंने 1980 में प्रधानमंत्री की कुर्सी संभाली और 1984 में उनकी हत्या कर दी गई।

मदर टेरेसा को याद करते हुए टाइम्स ने कहा, आटोमन साम्राज्य के शासनकाल में अल्बानिया में जन्मीं टेरेसा 1929 में भारत जाकर बस गईं। कोलकाता में उन्होंने 13 सदस्यों के साथ मिशनरी सेवा शुरू की। अनाथों और एड्स पीड़ितों की सेवा करने वाले इस संगठन में आज 4,000 से ज्यादा मिशनरी महिलाएं सेवा दे रही हैं।

बच्चों की संख्या सीमित करने और गर्भपात का विरोध करने वालीं टेरेसा ने आलोचनाओं को चुपचाप सहते हुए गरीबों-अनाथों की सेवा में अपनी सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। सबसे प्रभावशाली महिलाओं में मैडम मैरी क्यूरे, मैडोना, गोल्डा मीयर, एंजेला मर्केल, एलेनार रुजवेल्ट, मार्गरेट थैचर, ओप्रा विन्फ्रे और वर्जीनिया वुल्फ को भी शामिल किया गया है।

No comments:

Post a Comment